VVPAT जांचें बिना वोट देकर तुरंत न लौटें : ममता

आखिरी दिन सीएम ने वोटरों को किया सतर्क
ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता : बंगाल में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मेगा पदयात्रा पर निकलने से पहले मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील की। सोमवार को सुकांत सेतु से रैली शुरू होने से ठीक पहले उन्होंने कहा कि वोट डालने के बाद तुरंत मतदान केंद्र से न निकलें, बल्कि वीवीपैट जरूर जांचें।

ममता बनर्जी ने कहा, “वोट देने के बाद देख लें कि आपने जिसे वोट दिया है, वही दर्ज हुआ है या नहीं। ये लोग कई तरह की योजनाएं बना रहे हैं, उनकी हर साजिश को नाकाम करें।” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान के बाद कुछ देर रुककर प्रक्रिया की पुष्टि करें। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि मतदाताओं को लाइन में खड़ा कर परेशान किया गया है।

उन्होंने कहा, “इसका जवाब आप वोट के जरिए दें। यह आपके अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है।” उन्होंने लोगों को लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेने के लिए बधाई देते हुए अपने अधिकारों के लिए मतदान करने का आह्वान किया। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और महिलाओं की तलाशी ली जाएगी, जिसे उन्होंने अपमानजनक बताया। उन्होंने कहा, “हम इस अपमान को स्वीकार नहीं करेंगे। आप लोकतंत्र की ताकत दिखाइए और वोट के जरिए जवाब दीजिए।” चुनाव के अंतिम चरण से पहले उनका यह बयान राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in