चलो अब दिल्ली चलते हैं : सीएम ममता

चुनाव आयोग के खिलाफ किया ऐलान-ए-जंग
ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता : SIR के नाम पर आम लोगों को परेशान किए जाने के मुद्दे पर टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पहले ही कहा था कि जरूरत पड़ी तो स्वयं पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी भी दिल्ली जाकर आयोग से आमने-सामने होंगी। अब वही चेतावनी हकीकत बनने जा रही है। शुक्रवार को हाजरा से ममता बनर्जी ने साफ कर दिया कि उनका अगला गंतव्य चुनाव आयोग है। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी दिल्ली मार्च के लिए हमारे साथ जुड़ना चाहता है, उसका स्वागत है। एक ओर केंद्रीय एजेंसियों की अति-सक्रियता और दूसरी ओर चुनिंदा तरीके से वोटर सूची से नाम हटाने के आरोप—इन दोनों मुद्दों को हथियार बनाकर तृणमूल सुप्रीमो ने सीधे दिल्ली कूच का आह्वान किया।

इस दिन हाजरा मोड़ की सभा में ममता की आवाज में खुला युद्ध का स्वर था। I-PAC कार्यालय पर ईडी की कार्रवाई को उन्होंने राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित” और “डेटा चोरी की साजिश” बताया। उनका आरोप था कि चुनाव से पहले तृणमूल की संगठनात्मक ताकत तोड़ने के लिए यह छापा मारा गया। ममता ने कहा कि I-PAC को पार्टी ने अधिकृत किया है और वह आईटी से जुड़े काम देखती है, लेकिन ईडी ने वोटर लिस्ट का डाटा, बीएलए की सूची और आम लोगों के आवेदन चुराने की कोशिश की।

वोटर सूची से नाम हटाने को लेकर ममता ने आरोप लगाया कि करीब 54 लाख नाम हटाए गए हैं, जिनमें महिलाएं, अल्पसंख्यक और नए मतदाता बड़ी संख्या में हैं। एसआईआर केंद्रों पर बुजुर्गों, बीमारों और गर्भवती महिलाओं को अमानवीय तरीके से परेशान किए जाने का भी उन्होंने विरोध किया। उन्होंने कहा कि शादी के बाद महिलाओं के उपनाम या पता में बदलाव जैसे कारणों से नाम काटे जा रहे हैं, जो लोकतंत्र पर हमला है। चुनाव आयोग और भाजपा को एक ही पंक्ति में खड़ा करते हुए ममता ने कहा कि आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। ममता ने साफ कहा कि यह लड़ाई अब सिर्फ बंगाल तक सीमित नहीं रहेगी। दिल्ली जाकर चुनाव आयोग से जवाब लिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो जन-आंदोलन होगा। उनकी दिल्ली यात्रा का कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in