

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा में गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान सीएम और गृहमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पुलिस प्रशासन, भर्ती प्रक्रिया, कानून व्यवस्था और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर सरकार की नीति स्पष्ट की। उन्होंने पुलिस सुधार, भर्ती, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और आंतरिक सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताया। सीएम ने कहा कि सड़क पर अवैध वसूली या पुलिसकर्मियों द्वारा रिश्वत लेने की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई होगी। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस गतिविधियों की निगरानी के लिए आधुनिक सिस्टम लागू करने की बात कही। वहीं जिन पुलिस अधिकारियों को पिछली सरकार के दौरान कार्रवाई का सामना करना पड़ा, फिर भी जिन्होंने नियमों के अनुसार काम किया, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
20 हजार नई नियुक्तियों का ऐलान
सीएम ने कहा कि राज्य पुलिस में बड़ी संख्या में पद खाली हैं और आने वाले समय में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने 20 हजार पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने स्थायी नियुक्तियों की जगह अस्थायी व्यवस्था पर ज्यादा भरोसा किया। सीएम ने पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने और बेहतर निगरानी तंत्र विकसित करने पर जोर दिया।
महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ पुलिस को एक्शन लेने की छूट
सीएम ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार के मामले में जीरो टॉलरेंस है। पिछली सरकार ने ऐसा नहीं किया। सीएम ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार हो या पॉक्सो मामला, किसी को बख्शा नहीं जायेगा। कैसे एक्शन लिया जाता है, यह बारुईपुर में देखा गया।