हावड़ा के सांकराइल में मकान तोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट

बुलडोजर से मकान तोड़ते वक्त दीवार गिरने से महिला घायल, दो गुटों में जमकर मारपीट
Clash in Sankrail Over House Demolition Drive, Woman Injured
तोड़ा जा रहा मकान का हिस्सा
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : सांकराइल के पूर्व खानपाड़ा इलाके में गुरुवार को किरायेदारों को हटाने को लेकर जबरदस्त हंगामा और तनाव फैल गया। जमीन मालिक की ओर से बुलडोजर लाकर मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू करते ही किरायेदारों और जमीन मालिक के पक्ष के लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अदालत के आदेश का दावा, बिना नोटिस कमरों को ध्वस्त करने का आरोप

पुलिस सूत्रों के अनुसार, संबंधित मकान में करीब 10 परिवार लंबे समय से किराये पर रह रहे हैं। जमीन मालिक का दावा है कि वह किरायेदारों को हटाने के लिए लंबे समय से कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे और अदालत के स्पष्ट निर्देश के बाद ही मकान खाली कराने पहुंचे थे। दूसरी ओर, बेदखल किए जा रहे किरायेदारों का गंभीर आरोप है कि उन्हें पूर्व में कोई नोटिस नहीं दिया गया था। साथ ही अदालत के निर्देश का उल्लंघन करते हुए उन कमरों को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया, जिनकी अनुमति नहीं थी।

अचानक गिरी दीवार, महिला घायल होते ही भड़का आक्रोश

कार्रवाई के दौरान बुलडोजर के प्रभाव से अचानक मकान की एक दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के घायल होते ही मौके पर आक्रोश भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अदालत के आदेश के पालन और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। फिलहाल दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in