निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : डोमजूड़ थाना क्षेत्र के बांकड़ा उत्तरपाड़ा में बच्चों के खेल को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही डोमजूड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को नियंत्रित करने के लिए रैफ के जवानों को भी तैनात किया गया। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चों के बीच हुए विवाद ने पुराने आपसी मनमुटाव को हवा दे दी, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण या राजनीतिक पहलू तो नहीं है। उल्लेखनीय है कि यह घटना 21 जुलाई की शहीद दिवस सभा समाप्त होने के बाद रात में हुई, इसलिए इस दिशा में भी जांच जारी है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।