अंकुरहाटी में पुलिस से धक्का-मुक्की मामले में 4 गिरफ्तार

पूरे इलाके पर रखी जा रही विशेष नजर
Clash Between Police and Traders in Ankurhati | Howrah News
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: निर्धारित समय के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हाट लगाए जाने को लेकर शुक्रवार को अंकुरहाटी इलाके में तनाव फैल गया। आरोप है कि जाम की स्थिति को देखते हुए समय सीमा समाप्त होने के बाद भी हाट लगा रहने पर पुलिस उसे बंद कराने पहुंची थी। इस दौरान व्यवसायियों के एक वर्ग और पुलिस के बीच कहासुनी हो गयी। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, हालांकि 'सन्मार्ग' इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक नाबालिग (माइनर) है। घटना के बाद से ही शनिवार को पूरे इलाके में पुलिस ने विशेष तौर पर कड़ी नजर रखी और चौकसी बढ़ा दी।

निर्धारित समय के बाद भी लगा था हाट, सड़क पर बढ़ रहा था जाम

बताया जाता है कि अंकुरहाटी में 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लंबे समय से कपड़ों समेत विभिन्न सामानों के हाट लगते हैं। शुक्रवार को यहां बड़ी संख्या में दुकानदार और खरीदार जुटते हैं, जिससे राजमार्ग पर यातायात प्रभावित होने के साथ जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। प्रशासन का कहना है कि इलाके में पूर्व में दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए हाट लगाने के लिए स्थान और समय निर्धारित किया गया है।

आरोप है कि शुक्रवार को तय समय बीत जाने के बाद भी कुछ व्यवसायी दुकानें हटाने को तैयार नहीं थे। पुलिस जब उन्हें हटाने पहुंची तो कारोबारियों ने दुर्गापूजा से पहले के व्यस्त कारोबारी समय का हवाला देते हुए इसका विरोध किया। इसी दौरान बातचीत ने विवाद का रूप ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in