टॉप न्यूज़
दिपके और उनकी टीम को महिला पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लिया
नयी दिल्ली :
राजधानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एअरपोर्ट पर शनिवार को उस समय नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला, जब एअर इंडिया की एक फ्लाइट CJP के नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को लेकर यहां लैंड हुई। दिल्ली एअरपोर्ट पर उनकी फ्लाइट लैंड करते ही दिल्ली पुलिस की महिला अफसरों की टीम विमान के अंदर घुस गयी और तीनों नेताओं को हिरासत में ले लिया।
टकराव टालना हो सकता है मकसद
इस दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा अभिजीत दिपके और उनकी टीम को हिरासत में लेने के लिए महिला अधिकारियों को भेजना तय प्लान से अलग था। रिपोर्ट के अनुसार इस बारे में कुछ पता नहीं चला कि दिल्ली पुलिस ने ऐसा जानबूझकर किया था या नहीं। माना जा रहा है कि पुलिस ने ऐसा शायद पुरुष अफसरों को तैनात करने से होने वाले संभावित टकराव को टालने के लिए किया होगा। फ्लाइट के अंदर कॉरिडोर संकरे होते हैं और हिलने के लिए भी बहुत कम जगह होती है। मामूली सी हाथापाई भी तेजी से बड़े हंगामे में बदल सकती है। दिल्ली पुलिस ने शायद ऐसी स्थिति से बचने को ही महिला अधिकारियों को तैनात करने का फैसला किया होगा, ताकि तनाव बढ़ने का खतरा कम हो। कुछ तीखी बहस को छोड़कर दिपके और CJP के दूसरे नेताओं को आखिरकार बिना किसी बड़े हंगामे के हिरासत में ले लिया गया।
कैसे हिरासत में लिया गया?
पुलिसकर्मी जैसे ही फ्लाइट में चढ़े दिपके ने अपने फोन में विंडो सीट से रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। सौरव दास बीच वाली सीट पर बैठे थे, जबकि आशुतोष रांका उनके बगल में बैठे थे। विमान के अंदर से आये वीडियो में करीब एक दर्जन महिला पुलिसकर्मी CJP नेताओं को घेरे हुए दिख रही हैं। वीडियो में दिपके को उन्हें हिरासत में लेने के तरीके पर सवाल उठाते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने पुलिस से कहा कि वे उनके उतरने का इंतजार कर सकते थे। इस दौरान महिला अधिकारी दिपके और अन्य लोगों से सहयोग करने का आग्रह करती दिखीं। इसके बाद दिपके, सौरभ दास और रांका को अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया।

