

नयी दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध मार्च के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब कथित परीक्षा अनियमितताओं को लेकर प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कॉजपा के आह्वान पर हजारों लोगों ने संसद की ओर कूच करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रधान ने संसद भवन परिसर स्थित शाह के कार्यालय में उनसे मुलाकात की। हालांकि, बैठक में क्या चर्चा हुई, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में संगठन के प्रदर्शनकारी 20 जून से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। संगठन नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार और प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है। संगठन ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को ‘चलो संसद’ मार्च का आह्वान किया।
सरकार ने बातचीत के लिए संपर्क किया है : कॉजपा ने सुबह दावा किया था
सोमवार सुबह हजारों लोग जंतर-मंतर पर एकत्र हुए और उन्होंने अवरोधक तोड़ते हुए तथा पुलिस के लाठीचार्ज और आंसू गैस का सामना करते हुए संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नयी दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके तहत अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों तथा आसपास के जिलों से पुलिस बल तैनात किया गया है।
इससे पहले, कॉजपा ने सुबह दावा किया था कि सरकार ने उससे बातचीत के लिए संपर्क किया है और उसके दो प्रवक्ता केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा से मुलाकात करेंगे।