CJI सूर्यकांत याचिका की सुनवाई से अलग हुए

सुपरटेक परियोजनाओं से जुड़ी थी यह याचिका
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

नयी दिल्ली : भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने सोमवार को सुपरटेक के दिवाला मामले और घर खरीदारों से जुड़े विवाद की सुनवाई से खुद को अलग करते हुए कहा कि याचिकाकर्ताओं में से एक व्यक्ति से उनका व्यक्तिगत परिचय है।

CJI ने कहा, ‘याचिकाकर्ताओं में से एक व्यक्ति संयोगवश मेरे परिचित हैं। मुझे इस मामले की सुनवाई के लिए एक विशेष पीठ गठित करनी होगी... मैं उन्हें थोड़ा-बहुत जानता हूं। वह न तो मेरे मुवक्किल हैं और न ही मेरे रिश्तेदार, लेकिन मेरे परिचित जरूर हैं। किसी को पहले ही इस बात का ध्यान रखना चाहिए था। बेवजह इस मामले में पक्षकार क्यों बनना?’ प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि वह इस मामले की सुनवाई के लिए एक विशेष पीठ का गठन करेंगे। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब CJI, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने 16 नवंबर को इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान कर्ज में डूबी रियल एस्टेट कंपनी सुपरटेक की 16 अधूरी आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी संभालने वाले सरकारी उपक्रम NBCC (नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि अगर घर खरीदार उसकी भागीदारी नहीं चाहते हैं, तो वह इन परियोजनाओं से बाहर निकलना चाहेगा।

कोर्ट ने इससे पहले पांच फरवरी को राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (NCLAT) के उस आदेश को बरकरार रखा था, जिसमें NBCC को सुपरटेक लिमिटेड की 16 आवासीय परियोजनाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया था। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि उसकी चिंता घर खरीदारों को लेकर है। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण है कि इन परियोजनाओं को पूरा करने का काम कौन करेगा।

सुप्रीम कोर्ट पहले भी करीब दो दशक से अपने घरों का इंतजार कर रहे हजारों परेशान घर खरीदारों की मदद के लिए आगे आया था। कोर्ट ने NCLAT के उस आदेश को बरकरार रखा था, जिसमें NBCC को 16 परियोजनाएं पूरी करने के लिए कहा गया था। सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपनी असाधारण शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए NCLAT के 12 दिसंबर, 2024 के आदेश को बरकरार रखा था। इस आदेश में घर खरीदारों के हित में NBCC को इन परियोजनाओं का जिम्मा संभालने के लिए कहा गया था। पीठ ने कहा था कि सुपरटेक ने कई घर खरीदारों के अनुसार, 2010 से 2012 के बीच करीब 51,000 मकान बुक किए थे और उनकी डिलीवरी का वादा किया था।

पीठ ने NBCC को इन परियोजनाओं का जिम्मा संभालने और NCLAT की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की योजना के मुताबिक जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया था।

NCLAT ने 12 दिसंबर, 2024 को केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम NBCC को 16 परियोजनाएं पूरी करने का निर्देश दिया था। इन परियोजनाओं में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और कर्नाटक में कुल 49,748 मकान शामिल हैं। इन परियोजनाओं में करीब 27,000 घर खरीदार अब भी अपने मकानों का इंतजार कर रहे हैं।

NBCC ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), देहरादून और बेंगलुरु में शुरू की गई इन परियोजनाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी लेने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, रियल एस्टेट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी सुपरटेक के सामने आए वित्तीय संकट के कारण आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रभावित हुआ। इसके कारण 2021 में कंपनी के खिलाफ दिवाला की कार्यवाही शुरू हुई थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News