चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी

Chrag Paswan
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान
Published on

पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिली है। इस संबंध में चिराग पासवान के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर जांच और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है।

पत्र में क्या लिखा था ?

आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मंत्रालय को एक पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें दो मोबाइल नंबर दर्ज थे । पत्र खोले जाने पर उसमें केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। चिट्ठी में लिखा था, 'आपको जल्द ही कट्टर आतंकवादियों द्वारा मार दिया जाएगा।'

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करें : आलोक कुमार

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने गृह सचिव को भेजे पत्र में धमकी भरे संदेश के स्रोत, उसकी वास्तविकता और परिस्थितियों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही चिराग पासवान की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरत के मुताबिक उसे और मजबूत करने का अनुरोध किया गया है।

Z-श्रेणी की सुरक्षा

पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि चिराग पासवान को वर्तमान में गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से Z-श्रेणी की सुरक्षा दी जा रही हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्धारित सार्वजनिक कार्यक्रमों और मौजूदा खतरे की आशंका को ध्यान में रखते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार उसे और मजबूत करने की मांग भी की गई है।

डाक के जरिए भेजा गया धमकी भरा पत्र

बताया गया है कि यह धमकी भरा पत्र डाक के जरिए भेजा गया है। इसमें पत्र भेजने वाले से जुड़े किसी व्यक्ति या संगठन की जानकारी सामने नहीं आई है। पत्र में गृह मंत्रालय से मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताया है। पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि धमकी के स्रोत का जल्द पता लगाया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पार्टी ने चिराग पासवान की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने देने की मांग की है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in