

कोलकाता : लंबे इंतजार और कई अड़चनों के बाद अब कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। कवि सुभाष-कोलकाता एयरपोर्ट मेट्रो कॉरिडोर के चिंगड़ीघाटा हिस्से में लंबे समय से रुका हुआ काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। मेट्रो के इस महत्वपूर्ण हिस्से में गार्डर जोड़ने का काम पूरा करने के लिए चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर को दो चरणों में बंद रखने का फैसला लिया गया है।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक पहली बार चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर बंद रहेगा। इसके बाद 3 जुलाई रात 8 बजे से 6 जुलाई सुबह 8 बजे तक दूसरी बार फ्लाईओवर बंद रखकर काम पूरा किया जाएगा। कुल मिलाकर करीब 120 घंटे तक यह प्रक्रिया चलेगी।
कवि सुभाष-कोलकाता एयरपोर्ट मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कर रही Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) के मुताबिक, पहले चरण में पिलर नंबर 325 और 326 के ऊपर गार्डर लगाए जाएंगे। दूसरे चरण में 326 और 327 नंबर पिलर के ऊपर गार्डर जोड़कर इसे गौर किशोर घोष मेट्रो स्टेशन से जोड़ा जाएगा।
इस काम के दौरान सेक्टर-5 की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। गाड़ियों को बेलघाटा मेन रोड और ईएम बाईपास क्रॉसिंग के रास्ते साल्टलेक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
मेट्रो अधिकारियों ने दिसंबर तक कवि सुभाष से न्यू टाउन तक सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा है। इसी वजह से कॉरिडोर के अलग-अलग हिस्सों में तेजी से काम किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि चिंगड़ीघाटा हिस्से का काम करीब ढाई साल तक अटका रहा था। अब अनुमति मिलने के बाद RVNL ने इसे तेजी से पूरा करने का काम शुरू किया है। हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस परियोजना का निरीक्षण किया था।