

नई दिल्ली - सऊदी अरब ने हज से जुड़ा नया नियम बनाया है। अब बच्चे हज में शामिल नहीं हो सकेंगे। हज और उमरा मंत्रालय ने बताया कि हर साल बढ़ती भीड़ और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सऊदी सरकार ने यह भी बताया कि हज 2025 में उन्हीं लोगों को प्राथमिकता मिलेगी, जो पहली बार हज करेंगे।
Nusuk App पर कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
सऊदी अरब के नागरिक और वहां रहने वाले लोग Nusuk App या आधिकारिक वेबसाइट के जरिए हज के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उन्हें अपनी जानकारी सही करवानी होगी और अपने यात्रा साथी का भी पंजीकरण करना होगा।
इन देशों पर होगा असर
सऊदी अरब के नए वीजा नियमों का असर 14 देशों पर पड़ेगा, जिनमें अल्जीरिया, बांग्लादेश, मिस्र, इथोपिया, भारत, इंडोनेशिया, इराक, जॉर्डन, मोरक्को, नाइजीरिया, पाकिस्तान, सूडान, ट्यूनीशिया और यमन शामिल हैं।
सऊदी सरकार ने पर्यटन, व्यापार और पारिवारिक यात्राओं के लिए एक साल का मल्टीपल एंट्री वीजा अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। अब इन देशों के लोग केवल सिंगल एंट्री वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो 30 दिनों तक वैध रहेगा।
नियमों में बदलाव करते रहता है सऊदी
सऊदी अरब हज और उमरा से जुड़े नियमों में बदलाव करता रहता है। 2024 में, सरकार ने उमरा के दौरान ग्रेट ग्रैंड मस्जिद के पास अधिक भीड़ के कारण फोटोग्राफी से बचने की सलाह दी थी। मंत्रालय ने बिना अनुमति किसी की फोटो लेने और मस्जिद के पास ज्यादा देर तक फोटोग्राफी करने से बचने को कहा था।