

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान निकोबार शतरंज संघ ने रविवार शाम श्री विजया पुरम के आरजीटी पब्लिक स्कूल में अंडमान और निकोबार राज्य अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप और चयन ट्रायल का शानदार आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में द्वीप के युवा शतरंज खिलाड़ियों ने उत्साह से भाग लिया। इस कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में कोलकाता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश कौशिक चंदा ने शुभारंभ किया। उन्होंने शीर्ष बोर्ड पर औपचारिक पहला मोहर्रा चलाकर कार्यक्रम का आगाज किया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय निर्णायक एच. दिनेश (विशिष्ट अतिथि) भी मौजूद थे। अपने उद्घाटन भाषण में न्यायाधीश कौशिक चंदा ने अंडर-11 वर्ग में उत्साही भागीदारी पर खुशी जताई और एएनसीए के युवा प्रतिभाओं को निखारने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस समर्पण और जोश से द्वीप एक दिन अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर पैदा कर सकते हैं। प्रतियोगिता में कुल 146 युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और 7 गहन राउंड के बाद लड़कों और लड़कियों की श्रेणी में शीर्ष पांच स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी इस प्रकार हैं। लड़कों में एजीएम बी हरि प्रसाद ने पहला, एएफएम श्रीहान कर्माकर ने दूसरा और एएफएम सॉ जिंसन सैमुएल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एस. ईशान चौथे और हार्दिक चक्रवर्ती ने पांचवें स्थान पर शानदार प्रदर्शन किया। लड़कियों में एस. भाविश्या ने पहला, डी. चार्वी ने दूसरा, कृष्णप्रिया बी. राजेश ने तीसरा, अग्रता सिंह ने चौथा और बी. उत्कर्षा ने पांचवां स्थान हासिल किया। शीर्ष 15 खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। महत्वपूर्ण रूप से दोनों श्रेणियों के शीर्ष दो खिलाड़ियों का चयन 38वें राष्ट्रीय अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप-2025 के लिए अंडमान और निकोबार का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है, जो 2 से 8 अगस्त 2025 तक महाराष्ट्र में आयोजित होगी।