ओरेम : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी सहयोगी रहे चार्ली किर्क हत्याकांड के संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खुद राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को एक साक्षात्कार में इसकी जानकारी दी। ट्रंप ने कहा कि मृतक किर्क के किसी बेहद करीबी ने उसे पुलिस के हवाले किया है, जो कानून प्रवर्तन से जुड़े हैं। जानकारी हो कि बुधवार को कर्क को यूटा वैली यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान अमेरिका में गोलीबारी की बढ़ती घटनाओं को लेकर बोल रहे थे, उसी समय उनको गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इसे एक लक्षित हमला बताया था। किर्क गैर-लाभकारी राजनीतिक संगठन ‘टर्निंग पॉइंट यूएसए’ के सह-संस्थापक थे और ट्रंप के करीबी सहयोगी थे।
अधिकारियों ने घटनास्थल के पास से एक उच्च-शक्ति वाली राइफल बरामद की थी और कहा था कि गोलीबारी के बाद शूटर छत से कूदकर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद किर्क को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां कुछ घंटों बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद संघीय जांचकर्ताओं और राज्य के अधिकारियों ने गुरुवार को उस व्यक्ति की तस्वीरें और वीडियो जारी किए थे जिसे वे जिम्मेदार मानते हैं। अधिकारियों ने बताया कि 7,000 से अधिक सुराग और सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। अधिकारियों ने अभी तक सार्वजनिक रूप से संदिग्ध का नाम नहीं बताया है और न ही इस हत्या के पीछे का कोई कारण बताया है।
हत्या का वीडियो वायरल : किर्क द्वारा सामाजिक मुद्दों पर भाषण देते समय दिनदहाड़े किए गए इस हमले के भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। वीडियो में किर्क, जिन्होंने युवा रिपब्लिकन मतदाताओं को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई थी, एक हाथ में माइक्रोफोन लेकर बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं, तभी अचानक गोली चलने की आवाज़ आती है। किर्क अपने दाहिने हाथ को ऊपर की ओर बढ़ाते हैं, जबकि उनकी गर्दन के बाईं ओर से खून बह रहा है। स्तब्ध दर्शक चीखने-चिल्लाने लगते हैं, फिर लोग भागने लगते हैं। जांचकर्ताओं का मानना है कि वह कॉलेज में पढ़ने वाले युवाओं के उम्र का होने के कारण परिसर की भीड़ में घुल-मिल गया था। ट्रंप ने कहा कि वह किर्क को अमेरिका के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम’ से सम्मानित करेंगे।