संघर्षों के दौर में नवकार मंत्र का जाप बेहद प्रासंगिक: अमित शाह

विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर बोले गृह मंत्री, सामूहिक जाप से शांति और सद्भाव बढ़ेगा
संघर्षों के दौर में नवकार मंत्र का जाप बेहद प्रासंगिक: अमित शाह
Published on

नयी दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे संघर्षों के बीच नवकार मंत्र का सामूहिक जाप आज के समय में बेहद प्रासंगिक है और यह शांति तथा सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

‘विश्व नवकार महामंत्र दिवस’ पर आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मंत्र मनुष्य के जीवन को ऊंचे मार्ग की ओर ले जाते हैं, चेतना को जागृत करते हैं और अच्छे इरादों को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब पूरी दुनिया को शांति की जरूरत है, नवकार मंत्र का जाप वातावरण को शुद्ध करने और मन की अशांति को दूर करने में मदद करता है।

उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र की परंपरा हजारों वर्षों पुरानी है और 24 तीर्थंकरों तथा उनके अनुयायियों का इसमें बड़ा योगदान रहा है। प्राचीन ऋषियों ने मानवता के कल्याण के लिए तपस्या कर इन मंत्रों की रचना की और इन्हें पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया।

गृह मंत्री ने नवकार मंत्र को निराकार, निष्पक्ष और सार्वभौमिक प्रार्थना बताते हुए कहा कि यह समय, जाति, क्षेत्र और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करता। उन्होंने कहा कि यह महान आत्माओं के गुणों को नमन करने की परंपरा है, जिन्होंने आत्म-साक्षात्कार और मुक्ति का मार्ग दिखाया।

शाह ने कहा कि ‘णमो’ शब्द पूर्ण समर्पण और अहंकार त्याग का प्रतीक है, जो साधक को आत्म-शुद्धि की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से इस मंत्र को श्रद्धा के साथ अपनाने और जीवन में उतारने का आह्वान किया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in