आज तूफान के साथ बारिश होने की संभावना

30 से 40 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
आज तूफान के साथ बारिश होने की संभावना
Published on

अंडमान सागर के ऊपर बनेगा नया लो-प्रेशर एरिया

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी कोलकाता और आसपास के इलाकों में बारिश हुई, जिसके बाद भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने पहले से जारी अलर्ट के अनुसार आज तक पूरे दक्षिण बंगाल में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक नया लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है, जो अगले 3 से 4 दिनों के दौरान आगे बढ़कर दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों की ओर रुख करेगा। इस दौरान दक्षिण बंगाल के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

उत्तर बंगाल के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

शहर और उसके आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह तक आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं दूसरी ओर IMD ने आज तक उत्तर बंगाल के जिलों में भी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान जताया है, जिसमें दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में कुछ जगहों पर भारी बारिश की पूरी संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान अलीपुरदुआर में राज्य में सबसे ज्यादा 105 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा साल्ट लेक में 69 मिमी, जलपाईगुड़ी में 51 मिमी, डायमंड हार्बर में 50 मिमी, बर्धमान में 45 मिमी और दार्जिलिंग में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in