

सिलीगुड़ी :शिवमंदिर के सारदापल्ली इलाके में घर से पीतल-कांसे के सामान और नकदी चोरी के मामले में माटीगाड़ा थाना पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज थाना क्षेत्र के शक्तिनगर निवासी धीराज शॉ उर्फ बाप्पा शॉ (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सारदापल्ली स्थित एक घर से बड़ी मात्रा में पीतल और कांसे के सामान के साथ 2 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने की शिकायत के आधार पर माटीगाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस मामले में चोरी गए सामान की बरामदगी समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।