चिप्स के पैकेटों की आड़ में मवेशी तस्करी 2 गिरफ्तार!

चिप्स के पैकेटों की आड़ में मवेशी तस्करी 2 गिरफ्तार!
Published on: 

सिलीगुड़ी : फांसीदेवा के घोषपुकुर इलाके में पुलिस ने कथित मवेशी तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए एक वाहन से 11 मवेशी बरामद किए हैं। इस मामले में असम के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, वाहन में चिप्स के पैकेट लदे हुए थे, जिससे वह सामान्य मालवाहक वाहन जैसा दिखाई दे रहा था। हालांकि, तलाशी के दौरान उसके अंदर मवेशी मिलने पर मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार रात बिहार से असम की ओर जा रहे असम नंबर के एक वाहन को घोषपुकुर पुलिस चौकी की टीम ने संदेह के आधार पर रोका। शुरुआती तौर पर वाहन में चिप्स के पैकेट लदे दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसके अंदर 11 मवेशी मिले। इसके बाद पुलिस ने मवेशियों को बरामद कर वाहन में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मेहदी आलम और हबीबुर रहमान के रूप में हुई है। दोनों असम के बारपेटा जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मवेशियों से संबंधित वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

बरामद मवेशियों को सुरक्षित आश्रय स्थल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों व्यक्ति मवेशियों को कहां से लेकर आ रहे थे और उन्हें कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस कथित तस्करी के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या बड़े नेटवर्क की भूमिका होने की भी जांच की जा रही है।

शनिवार को दोनों आरोपितों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in