

जालना : महाराष्ट्र के जालना जिले में एक स्कूल कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तानी गीत बजाने के आरोप में प्रधानाचार्य और दो शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है।
मामला परतूर स्थित ‘किड्स वर्ल्ड इंग्लिश स्कूल’ का है, जहां वार्षिक समारोह में छात्रों की प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि बच्चों ने पाकिस्तानी गीत पर नृत्य किया।
पुलिस ने प्रधानाचार्य वज़ियुद्दीन सिद्दीकी और दो अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 152, 196, 197 और 353 के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
वहीं, स्कूल प्रशासन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि प्रस्तुति में इस्तेमाल किया गया गीत पाकिस्तान का नहीं, बल्कि तुर्किये के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘एर्तुग़रुल गाज़ी’ का था।
प्रधानाचार्य सिद्दीकी ने कहा कि कार्यक्रम में दिखाई गई तस्वीर भी इसी धारावाहिक के एक अभिनेता की थी, जिसे कथित तौर पर एडिट कर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से फैलाया गया।
इस बीच, भाजपा विधायक बबनराव लोणीकर ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की है।