

मुंबईः मुंबई में कल रात करीब दस बजे भांडुप इलाके में बस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई तथा नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि बस चालक को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चार लोगों की मौत होने पर दुख व्यक्त किया तथा मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह दुर्घटना तब हुई जब बस का चालक बस को पीछे को और कर रहा है, उसी दौरान उसकी चपेट में कई पैदल चलने वाले लोग आ गये। मुंबई में बस दुर्घटना की एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रेहड़ी पटरी वालों द्वारा फुटपाथ पर अतिक्रमण किये जाने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा और इस कारण चार लोगों की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी ने दुर्घटना के बाद बताया कि भांडुप रेलवे स्टेशन के बाहर का इलाका हमेशा व्यस्त रहता है और सस्ती सब्जियां मिलने के कारण यहां अधिक लोग आते हैं, जिस कारण यहां काफी भीड़ रहती है।
बस को रिवर्स करने के दौरान दुर्घटना
बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की जनसंपर्क अधिकारी सुचेता उताले ने एक संदेश में बताया कि यह दुर्घटना भांडुप (पश्चिम) रेलवे स्टेशन के बाहर रात करीब 10.05 बजे हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय ‘बेस्ट’ के कर्मचारी संतोष रमेश सावंत (52) बस चला रहे थे, जबकि भगवान भाऊ घरे (47) कंडक्टर के रूप में ड्यूटी पर थे। इस बीच, महानगरपालिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस भांडुप (पश्चिम) रेलवे स्टेशन के बाहर पीछे की ओर ले जाई जा रही थी।
सीएम फडणवीस ने क्या कहा
फडणवीस ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया तथा इसमें मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटना को "बेहद दुर्भाग्यपूर्ण" बताया और मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार मृतकों के कानूनी वारिसों को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।’’
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
इधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई के भांडुप में बस हादसे में चार लोगों की मौत पर मंगलवार को गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘ मुंबई के भांडुप में दुर्घटना में लोगों के मारे जाने से दुखी हूं। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
इस बीच कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य वर्षा गायकवाड़ ने इस दुर्घटना की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद दुखद है। खराब बस, अप्रशिक्षित चालक और ‘बेस्ट’ में सुधार करने के लिए निवेश से कतरा रहा प्रशासन रोजाना कई जिंदगियों को जोखिम में डाल रहा हैं। हम इस घटना की संपूर्ण जांच की मांग करते हैं।’