बीटी रोड पर स्कूल बस की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, 2 घायल

btroadaccident
बस के धक्के से घायल हो गया साइकिल सवार
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

खड़दह : खड़दह थाना अंतर्गत टाटा गेट के पास बीटी रोड पर मंगलवार की दोपहर सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना को केंद्र कर इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साये लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मृतक का नाम बबलू साव बताया गया है जो खड़दह के इलेक्ट्रोस्टील कारखाने में काम करता था। वह साइकिल लेकर बीटी रोड पार कर रहा था तभी खड़दह से टीटागढ़ की ओर जा रही एक स्कूल बस ने तेज रफ्तार में उस साइकिल सवार समेत दो अन्य लोगों को टक्कर मार दी। 

btroadaccident
बस को घेरकर क्षोभ जताते लोग

गुस्साये लोगों ने की तोड़फोड़, सिग्नल की उठी मांग

आरोप है कि सिग्नल बंद होने के बावजूद बस काफी तेज गति में थी। बताया गया है कि बबलू बस के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी थी। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल दो अन्य व्यक्तियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही खड़दह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही बैरकपुर कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीटी रोड, जो कि एक अत्यंत व्यस्त सड़क है, इस मोड़ पर सिग्नल की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अभाव में आये दिन यहां दुर्घटनाएं होती हैं। पुलिस के आश्वासन और हस्तक्षेप के बाद अवरोध हटाया गया। इस घटना को केंद्र कर पथावरोध से काफी समय तक बीटी रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। हालांकि पुलिस ने इस ओर नजर रखते हुए बाद में यातायात व्यवस्था को बहाल करवाया।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in