निधि, सन्मार्ग संवाददाता
खड़दह : उत्तर 24 परगना के खड़दह थाना क्षेत्र अंतर्गत बीटी रोड पर श्यामबाजार जाने वाली लेन में आगरपाड़ा मोल्लारहाट बस स्टैंड के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। सिग्नल तोड़कर बेहद तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक और साइकिल सवार दोनों करीब 200 मीटर दूर मोल्लारहाट बाजार के सामने जाकर गिरे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने घायलों को सागर दत्त मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
सिग्नल उल्लंघन और बेलगाम रफ्तार से लोगों में गुस्सा, स्थानीय निवासियों ने जताया विरोध
इस भयावह हादसे के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि मोल्लारहाट ट्रैफिक सिग्नल पर बाइक और ऑटो चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाना आम बात हो गई है। रात के समय बीटी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण राहगीरों का सड़क पार करना दूभर हो जाता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।