bsf
REP

करोड़ों के सोने के बिस्कुट के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

Published on

सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : बशीरहाट के स्वरूपनगर इलाके में बीएसएफ ने अभियान चलाकर करोड़ों रुपये मूल्य के सोने के बिस्कुट बरामद किये। इस अभियान में 10 सोने के बिस्कुट के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बांग्लादेश सीमा क्षेत्र में भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस क्रम में उत्तर 24 परगना के बशीरहाट के स्वरूपनगर के सीमावर्ती इलाके में भी कड़ी सुरक्षा बरती जा रही है। शुक्रवार की देर रात सोने के बिस्कुट की तस्करी की जानकारी पर बीएसएफ के जवानों ने सीमा क्षेत्र में अभियान चलाया और वहां से दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम प्रदीप कुमार बारुई और गोपाल परमान्य हैं। उन्होंने बताया कि वे इस क्षेत्र में सोनाई नदी के माध्यम से पहुंचे थे। उन्होंने नदी के ऊपर डोरी से एक बैग को इस ओर लाया था जिस बैग को बरामद किया गया। उसी बैग से 10 सोने के बिस्कुट निकले। बरामद सोने के बिस्कुट का बाजार मूल्य लगभग 1.11 करोड़ रुपये है। दोनों अभियुक्त हाकीमपुर उत्तरपाड़ा के निवासी हैं। उनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किये गये। गिरफ्तार व्यक्तियों को सोने के बिस्कुट के साथ तेतुलिया कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। उनके मोबाइल फोन की जांच कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें तस्करी के लिए किसने ये बिस्कुट दिये थे।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in