मामूली विवाद पर मालिक ने खौलते दूध की बाल्टी में डुबोया, कर्मचारी का चेहरा झुलसा

पानीहाटी के सोदपुर में घटना को लेकर तनाव
Brutality in Sodepur: Worker's Face Dipped in Boiling Milk, 2 Arrested
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

सोदपुर : पानीहाटी के सोदपुर कालीतल्ला इलाके में एक मिठाई दुकान के मालिकों पर अपने ही कर्मचारी के साथ अमानवीय अत्याचार करने का आरोप लगा है। मामूली बहस के बाद मालिक ने खौलते हुए दूध से भरी बाल्टी में कर्मचारी का चेहरा डुबो दिया। इस जघन्य अपराध के आरोप में पुलिस ने दुकान मालिक और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त अमोल घोष और उसके बेटे आलय घोष की मिठाई की दुकान है। वहां संजीव पाल नामक व्यक्ति बतौर कारीगर काम करता है।

गुस्साई भीड़ ने आरोपितों को पीटा, पिता-पुत्र गिरफ्तार

सोमवार को काम को लेकर संजीव और मालिकों के बीच मामूली कहासुनी हुई। आरोप है कि पहले संजीव को बुरी तरह पीटा गया और फिर क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे खौलते हुए दूध के पात्र में झोंक दिया गया। संजीव का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह जल गया है। इस घटना को देख स्थानीय लोग भड़क उठे। आरोप है कि खबर पाकर जब घोला थाना पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार कर ले जा रही थी, तब उत्तेजित भीड़ ने उन्हें पुलिस से छीन लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी। हालांकि पुलिस ने किसी तरह परिस्थिति को नियंत्रित किया। अस्पताल में भर्ती पीड़ित संजीव पाल ने बताया, 'काम में एक छोटी सी गलती हुई थी, जिसके लिए मुझे मारा गया और फिर गर्म दूध में मेरा चेहरा डुबो दिया गया।' संजीव की पत्नी ने दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस ने अमोल और आलय घोष को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in