ब्रिटेन: चार्ल्स तृतीय के भाई एंड्रयू को रिहा किया गया

एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को उनकी गिरफ्तारी के लगभग 11 घंटे बाद पूर्वी ब्रिटेन स्थित उनके घर के पास स्थित थाने से कार में निकलते हुए देखा गया। एंड्रयू को उनके खिलाफ जांच जारी रहने के बीच रिहा किया गया है।
ब्रिटेन: चार्ल्स तृतीय के भाई एंड्रयू को रिहा किया गया
Published on: 

लंदनः सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किए गए पूर्व राजकुमार एंड्रयू को रिहा कर दिया गया है। टेम्स वैली पुलिस बल ने बताया कि पूर्व राजकुमार को बृहस्पतिवार शाम को रिहा किया गया। एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को उनकी गिरफ्तारी के लगभग 11 घंटे बाद पूर्वी ब्रिटेन स्थित उनके घर के पास स्थित थाने से कार में निकलते हुए देखा गया। एंड्रयू को उनके खिलाफ जांच जारी रहने के बीच रिहा किया गया है।

एंड्रयू को बृहस्पतिवार तड़के उनके घर से उन जांचकर्ताओं ने गिरफ्तार किया था, जो जेफ्री एप्स्टीन से उनके संबंधों की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि उसने एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के घर की तलाशी पूरी कर ली है, लेकिन एक अन्य संपत्ति की तलाशी अभी जारी है।

एंड्रयू को बृहस्पतिवार को ब्रिटेन की पुलिस ने जेफ्री एप्स्टीन से उनके संबंधों के कारण सार्वजनिक पद पर कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किया। यह एक असाधारण कदम है, क्योंकि कभी यहां के अधिकारी शाही परिवार को शर्मिंदगी से बचाने की पूरी कोशिश करते थे।

लगभग चार शताब्दियों में यह पहली बार था कि किसी वरिष्ठ ब्रिटिश शाही सदस्य को गिरफ्तार किया गया और इससे यह स्पष्ट होता है कि हाल के वर्षों में राजशाही के प्रति सम्मान किस प्रकार कम हो गया है। महाराजा चार्ल्स तृतीय ने अपने भाई की गिरफ्तारी पर एक बयान जारी करने का असामान्य कदम उठाया। एंड्रयू को अब एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के नाम से जाना जाता है। चार्ल्स तृतीय ने कहा कि उनके भाई एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर के मामले की जांच में कानून को अपना काम करना चाहिए।

लंदन के पश्चिम में स्थित क्षेत्रों, जिनमें माउंटबेटन-विंडसर का पूर्व निवास भी शामिल है, की सुरक्षा करने वाली टेम्स वैली पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि पूर्वी ब्रिटेन के नॉरफ़ॉक निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और वह हिरासत में है। ब्रिटेन में प्रचलित मानक प्रक्रियाओं के अनुसार, पुलिस ने संदिग्ध की पहचान उजागर नहीं की।

पुलिस ने पहले कहा था कि वह उन खबरों का ‘‘मूल्यांकन’’ कर रही है जिनमें कहा गया है कि एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर ने 2010 में एप्स्टीन को व्यापारिक जानकारी भेजी थी, जब पूर्व राजकुमार ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार के विशेष दूत थे। एप्स्टीन एक धनी निवेशक और यौन अपराध का दोषी व्यक्ति था। दोनों व्यक्तियों के बीच हुए पत्राचार को अमेरिकी न्याय विभाग ने पिछले महीने के अंत में एप्स्टीन की अमेरिकी जांच से संबंधित लाखों पन्नों के दस्तावेजों के साथ जारी किया था।

टेम्स वैली पुलिस के सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा, ‘‘गहन मूल्यांकन के बाद, हमने सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के इस आरोप की जांच शुरू कर दी है।’’ पुलिस ने यह भी बताया कि अधिकारी दो संपत्तियों की तलाशी ले रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in