

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में एक हैरान कर देने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चला दिया गया। बनगांव अदालत के लॉ क्लर्क मनोजीत विश्वास जब वर्ष 2022 में अपना आयकर रिटर्न फाइल करने गए, तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर पहले से ही पैन और बैंक खाता सक्रिय है। साइबर अपराधियों ने उनके पैन और वोटर आईडी का उपयोग कर तस्वीर, पता और हस्ताक्षर बदलकर कोलकाता की एक बैंक शाखा में फर्जी खाता खोल रखा था।
276 करोड़ का टर्नओवर और 2.57 करोड़ का बकेया टैक्स
जांच में सामने आया कि इस फर्जी खाते के जरिए वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2018-19 के दौरान लगभग 276 करोड़ रुपये का भारी-भरकम लेन-देन किया गया था। इस विशाल टर्नओवर के कारण आयकर विभाग ने मनोजीत के नाम पर 2.57 करोड़ रुपये का बकाया टैक्स नोटिस जारी कर दिया। पीड़ित ने जब संबंधित बैंक और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई, तो उन्हें कोई राहत नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर क्राइम पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बनगांव साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने जांच तेज की। पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए धोखाधड़ी में शामिल बैंक मैनेजर सहित तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जी नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं तथा इतनी बड़ी राशि का लेन-देन किस मकसद से किया गया था।