

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के उत्तर घुसुड़ी स्थित चाढ़ा बस्ती (वार्ड नंबर 1) में पूर्व तृणमूल पार्षद सावित्री साव के घर से बम बरामद होने के आरोप से हड़कंप मच गया। गुरुवार शाम मालीपांचघड़ा थाने की पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मकान में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान कमरे में रखी एक हरे रंग की बाल्टी से सुतली से लपेटकर रखे गए 5 बम बरामद किए गए। इसके साथ ही घर में अवैध रूप से सरकारी योजना की राहत सामग्रियां भी जमा करके रखे जाने का आरोप सामने आया है।
पुलिस ने सभी बरामद बमों को कब्जे में लेकर उन्हें निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और एहतियात के तौर पर पूरे मकान को सील कर दिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। इधर, भाजपा ने आरोप लगाया है कि आगामी चुनावों से पहले इलाके में भय और अशांति का माहौल बनाने के लिए ये बम जमा किए गए थे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में बम किस उद्देश्य से रखे गए थे।