

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
जगदल : भाटपाड़ा नगरपालिका के 30 नंबर वार्ड अंतर्गत मुंशीपाड़ा इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बांसबागान से लावारिस बम बरामद हुए। स्थानीय निवासियों द्वारा बम देखे जाने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही जगदल थाने की पुलिस बल मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।पुलिस सूत्रों के अनुसार, बम किसने और किस मकसद से वहां छिपाकर रखे थे, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
दूसरी ओर, घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। स्थानीय भाजपा नेता बाप्पा भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस के समर्थित समाजविरोधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में भय और अशांति का माहौल बनाने के लिए ही ये बम जमा किए गए थे। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की त्वरित पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।