निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : बेलूड़ पालघाट से जिउतिया पूजा के दिन गंगा स्नान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए लिलुआ निवासी राहुल कुमार का शव बरामद कर लिया गया है। इस दुखद खबर के मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जाता है कि राहुल अपनी मौसी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बेलूड़ पालघाट पर गंगा स्नान करने गया था, जहाँ वह अचानक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया था।
घटना के बाद से ही परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे और स्थानीय स्तर पर भी खोजबीन जारी थी। बुधवार को कोलकाता पुलिस के वेस्ट पोर्ट थाना क्षेत्र से एक अज्ञात शव बरामद होने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुँचे और उसकी पहचान राहुल के रूप में की। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गंगा नदी में डूबने के कारण ही उसकी अकाल मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की आगे की छानबीन शुरू कर दी है।