अवनींद्रनाथ ठाकुर के 'आवास' प्रांगण में लगेगा 'ब्लू प्लाक'

सीएम ममता की घोषणा के बाद की गयी पहल
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता: बोलपुर स्थित प्रसिद्ध चित्रकार अवनींद्रनाथ ठाकुर के ऐतिहासिक 'आवास' को हाल ही में ध्वस्त किए जाने की घटना के बाद राज्य सरकार ने अब उस स्थान पर एक सम्मानसूचक ‘ब्लू प्लाक’ लगाने का निर्णय लिया है। यह घोषणा खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में बोलपुर के ‘भाषा आंदोलन’ मंच से की। मुख्यमंत्री ने कहा था, 'हमें सूचना मिली है कि शांतिनिकेतन के अवनीपल्ली में ठाकुर परिवार के महान सदस्य अवनींद्रनाथ ठाकुर का घर ‘आवास’ को गिरा दिया गया है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। फिर भी मैं जिला प्रशासन से कहूंगी कि वहीं एक उपयुक्त स्थान पर एक 'ब्लू प्लाक' लगाया जाए। विश्वप्रसिद्ध चित्रकार को हमारी ओर से यह श्रद्धांजलि होगी।'

सरकार उनके सम्मान में ‘ब्लू प्लाक’ की स्थापना कर रही है

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार को नवान्न से जिला प्रशासन और शांतिनिकेतन-बोलपुर वेलफेयर बोर्ड को विस्तृत निर्देश भेजे गए। जानकारी के अनुसार, इसी सप्ताह ‘आवास’ प्रांगण में 'ब्लू प्लाक' स्थापित कर दिया जाएगा। ज्ञात हो कि गत जून में शांतिनिकेतन स्थित अवनींद्रनाथ ठाकुर के इस घर को, जिसे उनके पुत्र आलोकेंद्रनाथ ठाकुर ने एक बीघा भूमि पर बनवाया था, एक प्राइवेट प्रमोटर गिरा चुका है। स्थानीय नगरपालिका ने पहले ही इस पर रोक लगाई थी और घर पर ताला लगाकर निषेधाज्ञा जारी की थी। फिर भी नियमों को दरकिनार कर मकान को गिरा दिया गया। ‘भारत माता’ (हाल ही में जो चित्र प्रधानमंत्री मोदी की दुर्गापुर रैली में दिखाया गया था) के चित्रकार अवनींद्रनाथ ने अपनी आत्मकथा 'आपनकथा' में लिखा था,'मानव के सान्निध्य से ही एक घर जीवित रहता है।' उसी भाव को जीवित रखते हुए अब राज्य सरकार उनके सम्मान की पुनर्प्रतिष्ठा में ‘ब्लू प्लाक’ की स्थापना कर रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की इस पहल की बौद्धिक और सांस्कृतिक जगत ने सराहना की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in