नैहाटी-बैंडेल रेल लाइन पर मिला युवक का लहूलुहान शव

गरिफा स्टेशन के पास सनसनी, हत्या या हादसा?
Bloodied body of a youth found on Naihati-Bandel railway line
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नैहाटी: नैहाटी-बैंडेल रेल खंड के गरिपा स्टेशन के पास सोमवार को एक अज्ञात युवक का रक्त रंजित शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। अप लाइन के किनारे युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत रेल पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना पाकर बैंडेल जीआरपी (GRP) मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पहचान और बरामद सामान

स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के पास से एक मोबाइल फोन और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है। लाइसेंस पर युवक का नाम गणेश प्रसाद यादव और पिता का नाम सीताराम प्रसाद यादव अंकित है। युवक ने नीले रंग की जींस और सफेद रंग की शर्ट पहनी हुई थी।

उठ रहे हैं कई सवाल

शव मिलने के बाद इलाके में अटकलों का बाजार गर्म है। स्थानीय निवासियों का सवाल है कि युवक ट्रेन से गिरा है या उसकी हत्या कर शव को यहां फेंका गया है? जिस स्थिति में शव मिला है, उससे पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। क्या यह कोई सोची-समझी साजिश थी या महज एक दुर्घटना? जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस अब बरामद मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए परिजनों से संपर्क साधने और घटना की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in