सुरक्षा को लेकर BLO चिंतित, चुनाव आयोग से मांगी सुरक्षा

स्पेशल ड्राइव में BLO के काम में लगे शिक्षकों पर फूट सकता है जनता का गुस्सा
सुरक्षा को लेकर BLO चिंतित, चुनाव आयोग से मांगी सुरक्षा
Published on: 

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : स्पेशल वोटर एनरोलमेंट ड्राइव के दौरान संवेदनशील इलाकों में काम कर रहे बूथ लेवल ऑफिसर्स यानी BLO की सुरक्षा को लेकर पोलिंग स्टाफ एंड BLO यूनिटी फोरम की राज्य समिति ने मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र लिखकर गंभीर चिंता जताई है। संगठन के महासचिव स्वपन मंडल द्वारा भेजे गए इस पत्र में कहा गया है कि चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे इस अभियान के दौरान जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, वे शिक्षकों और BLO पर अपना गुस्सा निकाल सकते हैं। 24 परगना, हावड़ा, हुगली, मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर और कोलकाता के कुछ हिस्सों में पहले बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

शिक्षकों के लिए घर-घर सर्वे करना बना जोखिम

वोटर लिस्ट में आई तार्किक विसंगतियों के चलते पहले भी कई मतदाताओं की पहचान और दस्तावेजों पर सवाल उठे थे, जिसके बाद कानूनी कार्यवाही भी की गई थी। हालांकि नाम हटाने की प्रक्रिया में BLO की कोई सीधी भूमिका नहीं होती है, फिर भी जमीनी स्तर पर काम कर रहे इन शिक्षकों को नाराज जनता के विरोध का सीधा सामना करना पड़ सकता है। संगठन का यह भी तर्क है कि यह स्पेशल ड्राइव स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की गतिविधियों में भी भारी रुकावट डाल रही है। बिना किसी पुख्ता सुरक्षा गारंटी के शिक्षकों का घर-घर जाकर डेटा जुटाना उनके लिए बड़ा जोखिम बनता जा रहा है। इसी संवेदनशीलता को देखते हुए संगठन ने मुख्य चुनाव अधिकारी से तत्काल प्रभाव से पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in