BJP का क्लीन स्वीप: राज्यसभा की तीनों सीटों पर निर्विरोध जीत

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद चुनाव की जरूरत नहीं पड़ी, कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया; आज होगी अहम सुनवाई।
BJP का क्लीन स्वीप: राज्यसभा की तीनों सीटों पर निर्विरोध जीत
Published on

भोपाल: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए अपने सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित करा लिया है। बीजेपी उम्मीदवार तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को गुरुवार (11 जून) को रिटर्निंग ऑफिसर ने जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया।

दरअसल, कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद चुनावी मुकाबला खत्म हो गया। नामांकन वापसी की अंतिम तारीख तक मैदान में केवल तीन उम्मीदवार ही बचे, जिसके चलते मतदान की आवश्यकता नहीं रही और तीनों बीजेपी उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित कर दिए गए।

कांग्रेस ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा

मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द होने के खिलाफ कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई शुक्रवार (12 जून) को होगी। कांग्रेस का आरोप है कि रिटर्निंग अधिकारी का फैसला पक्षपातपूर्ण और कानून के खिलाफ है।

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी को अब न्यायपालिका से ही उम्मीद है। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने अदालत से तत्काल सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि राहत नहीं मिली तो उम्मीदवार को अगले छह वर्षों तक इंतजार करना पड़ सकता है।

क्यों खारिज हुआ नामांकन?

बीजेपी की ओर से उठाई गई आपत्तियों के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया था। आरोप है कि उन्होंने अपने शपथपत्र में तेलंगाना में लंबित एक कानूनी मामले की जानकारी नहीं दी थी। हालांकि नटराजन ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज किया है।

आज की सुनवाई पर टिकी निगाहें

सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल चुनाव परिणाम पर रोक लगाने से इनकार किया है, लेकिन मामले की सुनवाई के लिए 12 जून की तारीख तय की है। अब सभी की निगाहें अदालत के फैसले पर टिकी हैं, जो इस पूरे विवाद की दिशा तय कर सकता है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in