बरानगर अस्पताल में तृणमूल के 'पार्टी ऑफिस' पर बीजेपी का अल्टीमेटम !

अस्पताल प्रबंधन को सौंपी जाएगी चाबी
BJP Ultimatum to TMC Party Office Inside Baranagar Hospital; Building to be Handed Over to Authorities
बरानगर अस्पताल परिसर में तृणमूल पार्टी कार्यालय को खाली करने की बात कहते भाजपा कर्मी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बराहनगर: राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा कार्यकर्ता सरकारी परियोजनाओं को लागू करने और सरकारी परिसरों को राजनीति से मुक्त करने के अभियान में जुट गए हैं। इसी कड़ी में, बराहनगर स्टेट जनरल अस्पताल के भीतर पिछले 15 वर्षों से चल रहे तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अवैध कब्जे वाले कार्यालय को खाली कराने की पहल की गई है। बराहनगर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक सजल घोष के कार्यकर्ताओं ने इस दिशा में कदम उठाया है ताकि अस्पताल परिसर को पूरी तरह राजनीति से मुक्त किया जा सके।

अस्पताल के भीतर आलीशान क्लब और टीएमसी का दफ्तर

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब से तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आई थी, तभी से बराहनगर स्टेट जनरल अस्पताल के मुख्य द्वार के ठीक बाईं ओर स्थित एक भवन पर उनका कब्जा था। इस दो मंजिला इमारत के नीचे एक आलीशान क्लब था, जिसमें एसी और खेलकूद के आधुनिक उपकरण मौजूद थे। वहीं, इसके ऊपर की मंजिल पर टीएमसी का बकायदा पार्टी ऑफिस चल रहा था। इस दफ्तर में नेताओं के बैठने के लिए एसी केबिन, शौचालय और कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई थी। लंबे समय से इस सरकारी भवन का इस्तेमाल केवल टीएमसी नेताओं और क्लब के सदस्यों द्वारा किया जा रहा था।

दो दिन का अल्टीमेटम, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सौंपी जाएगी बिल्डिंग

कल भाजपा नेताओं ने मौके पर जाकर इस जगह को खाली करने की चेतावनी दी थी। आज जब भाजपा कार्यकर्ता दोबारा अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि क्लब में एसी चल रहा था और ऊपर के कमरे में टीएमसी के दस्तावेज व झंडे रखे हुए थे। इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सख्त रुख अपनाते हुए दो दिन के भीतर पूरा कमरा साफ करने का अल्टीमेटम दिया है। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि खाली कराने के बाद इस भवन की चाबी अस्पताल प्रबंधन को सौंप दी जाएगी। चूंकि बराहनगर के नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर हैं, इसलिए इस भवन का उपयोग अस्पताल के विस्तार, नए उपकरण लगाने और बेहतर चिकित्सा सेवाएं देने के लिए किया जाएगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in