

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में शामिल शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने 'निजी कारणों' का हवाला देते हुए अपना पद छोड़ा है।
शुक्रवार को शहजाद पूनावाला ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X की प्रोफाइल में बदलाव करते हुए "BJP National Spokesperson" हटा दिया। हालांकि, उन्होंने अपनी प्रोफाइल में "Lifelong follower of PM Narendra Modi" (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी) लिखा हुआ बरकरार रखा।
वकील रहे शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2017 में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव पर सवाल उठाते हुए दावा किया था कि पूरी प्रक्रिया राहुल गांधी के पक्ष में तय की गई थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया और बाद में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए गए।
हाल ही में उन्होंने एक पुराने टीवी इंटरव्यू का वीडियो भी साझा किया था, जिसमें उन्होंने संकेत दिया था कि अब सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने का समय आ गया है।
शहजाद पूनावाला राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला के छोटे भाई हैं। कांग्रेस छोड़ने के बाद दोनों भाइयों के बीच राजनीतिक मतभेद खुलकर सामने आए और वे अक्सर टीवी डिबेट में एक-दूसरे के आमने-सामने दिखाई देते रहे हैं।
फिलहाल बीजेपी या शहजाद पूनावाला की ओर से इस्तीफे के कारणों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।