

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विधानसभा के स्पीकर विमान बनर्जी ने शनिवार को संसदीय कार्य मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय को सदन में एक प्रस्ताव पेश करने की अनुमति दी, जिसमें अंतरिम बजट में मदरसों को धनराशि आवंटित करने के संबंध में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल द्वारा की गई टिप्पणियों की निंदा की गई है। सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर ने कहा कि वह चट्टोपाध्याय को प्रस्ताव पेश करने की अनुमति दे रहे हैं, जिसमें पाल द्वारा शुक्रवार को ‘अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के एक वर्ग के खिलाफ कथित तौर पर की गई’ कुछ टिप्पणियों की निंदा की गई है। उन्होंने कहा कि ‘शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कई अन्य वरिष्ठ सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र में आरोप लगाया कि अग्निमित्रा पाल की टिप्पणियां हमारे देश और इस सम्मानित सदन की धर्मनिरपेक्ष भावना के विरुद्ध हैं। मैंने कल ही स्पष्ट कर दिया था कि ऐसी टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ स्पीकर ने कहा, ‘चट्टोपाध्याय ने अन्य विधायकों के साथ मिलकर कुछ आरोप लगाए हैं और कार्रवाई की मांग की है। यह मामला मेरे समक्ष विचाराधीन है।’ शोभनदेव को प्रस्ताव पेश करने की अनुमति दी जाने पर भाजपा विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया।