

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव: उत्तर 24 परगना के गोपालनगर थाना अंतर्गत बेलेडांगा चारातला इलाके में मंगलवार को भाजपा विधायक अशोक कीर्तनिया की कार पर हमला किया गया। आरोप है कि उग्र भीड़ ने न केवल गाड़ी के शीशे तोड़े, बल्कि विधायक की पत्नी और उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट व बदसलूकी भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, लेकिन इलाके में माहौल अभी भी गरमाया हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, विधायक अशोक कीर्तनिया की पत्नी और उनके कुछ कार्यकर्ता एक निजी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने चारातला गांव गए थे। उस समय विधायक गाड़ी में मौजूद नहीं थे। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि जब ग्रामीणों ने भाजपा विधायक की गाड़ी देखी, तो उन्होंने उसे रोक लिया। ग्रामीणों ने सवाल किया कि विधायक जीतने के बाद इलाके में नजर क्यों नहीं आते और क्षेत्र में विकास कार्य क्यों ठप हैं?
आरोप है कि पूछताछ के दौरान गाड़ी के भीतर मौजूद एक व्यक्ति ने ग्रामीणों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग किया और एक युवक का हाथ मरोड़ दिया। इसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए और गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया।
विधायक अशोक कीर्तनिया ने इस घटना को तृणमूल कांग्रेस की सोची-समझी साजिश करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया, "मेरी पत्नी एक धार्मिक अनुष्ठान में गई थी। वहां टीएमसी के 'हरमाद' वाहिनी ने हमला किया। वे गाड़ी में मौजूद महिलाओं को जिंदा जलाने की साजिश रच रहे थे।" विधायक की पत्नी ने इस संबंध में गोपालनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
दूसरी ओर, स्थानीय टीएमसी पंचायत सदस्य उत्पल सरकार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, "ग्रामीण केवल विधायक से जवाब मांग रहे थे कि वे 'चुनावी पक्षी' की तरह केवल वोट के समय ही क्यों दिखते हैं? गाड़ी में सवार भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक युवक दिव्येंदु देवनाथ के साथ मारपीट की, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।"
घटना में घायल हुए युवक को इलाज के लिए बनगांव महकुमा अस्पताल भेजा गया है। गोपालनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।