

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव: पश्चिम बंगाल में नारी सुरक्षा के मुद्दे पर मुखर रहने वाली भारतीय जनता पार्टी के एक स्थानीय नेता पर अपनी ही पत्नी को प्रताड़ित करने और जान से मारने के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है। उत्तर 24 परगना के बनगांव में इस घटना को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता जय हालदार को गिरफ्तार कर लिया है, जो बनगांव उत्तर मंडल-2 के अध्यक्ष पद पर तैनात हैं।
गोपालनगर थाना क्षेत्र के हालदार पाड़ा निवासी जय हालदार की पत्नी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, भाजपा नेता ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और उनकी जान लेने की कोशिश की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात आरोपी को उसके घर से दबोच लिया। मंगलवार को उसे बनगांव उपमंडल न्यायालय में पेश किया गया।
पीड़िता ने मीडिया से कहा, "मुझ पर अत्याचार हुआ था, इसलिए मैंने शिकायत की और पुलिस ने उन्हें पकड़ा। यह पारिवारिक मामला है, इसलिए मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहती।" दूसरी ओर, आरोपी जय हालदार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद था, जिसे आधार बनाकर तृणमूल के इशारे पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
भाजपा के संगठनात्मक जिलाध्यक्ष विकास घोष ने दावा किया कि तृणमूल के लोगों ने डरा-धमका कर शिकायत करवाई थी। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रसेनजीत घोष ने कटाक्ष करते हुए कहा, "जो लोग अपने घर की महिलाओं का सम्मान नहीं कर सकते, वे जनता की सेवा क्या करेंगे? यही भाजपा की असल संस्कृति है।"