हावड़ा : घर से बुलाकर भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या !

उलूबेड़िया में वारदात से मचा हड़कंप, दो संदिग्ध गिरफ्तार
BJP Booth President Murdered in Uluberia, Howrah; 2 Arrested
सांकेतिक फोटो User
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के उलूबेड़िया में भाजपा के बूथ अध्यक्ष विजय बाग (48) की हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार की रात उसे घर से फोन कर बाहर बुलाया गया था। इसके कुछ देर बाद अंधेरे स्थान पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसपर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह को लेकर फिलहाल जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे द्वीपांतर सामंत नामक व्यक्ति ने विजय को फोन किया। उसने नंदन नामक व्यक्ति का हवाला देते हुए विजय को घर से बाहर बुलाया। फोन मिलने के बाद विजय घर से करीब 300 मीटर दूर पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात नंदन से हुई। इसके बाद विजय घर लौट रहा था। आरोप है कि कुछ दूरी आगे एक सुनसान और अंधेरे स्थान पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने धारदार हथियार से उसके चेहरे पर भी वार किया। विजय की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। गंभीर हालत में विजय को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। हालांकि नंदन का कहना है उसने विजय को फोन नहीं किया था। पुलिस उसके बयान की सत्यतता की जांच कर रही है।

राजनीतिक रंजिश या त्रिकोणीय प्रेम? जांच में जुटी पुलिस

मिली जानकारी के अनुसार विजय करीब 10 वर्षों से चंडीपुर इलाके के 11 नंबर बूथ के भाजपा अध्यक्ष पद पर था। स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने इस घटना को राजनीतिक विवाद से जोड़ते हुए तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी एक कारण को हत्या की वजह मानकर नहीं चल रही है। राजनीतिक विवाद के साथ ही कथित त्रिकोणीय प्रेम संबंध के पहलू की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस हत्या के वास्तविक कारण तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in