

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने एक बार फिर से भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए एक दूसरे का भाई होने का आरोप लगाया। फार्म 6 को लेकर तृणमूल ने कई गंभीर आरोप लगाये हैं। मंत्री शशि पांजा ने आरोप लगाया कि भाजपा, चुनाव आयोग की मदद से बंगाल की जनसंख्या संरचना बदलकर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है।भाजपा विधानसभा क्षेत्रों में अवैध रूप से फॉर्म 6 भरकर बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के मतदाताओं के नाम बंगाल की मतदाता सूची में शामिल करने का प्रयास कर रही है। इधर, मंगलवार को तृणमूल ने जारी अपने एक बयान में आरोप लगाया कि भाजपा हर चुनाव में मतदाता सूची में हेराफेरी करने में माहिर होती जा रही है। अब बंगाल में इसका पूरा असर दिखने लगा है। दिल्ली में 4 साल में 4 लाख मतदाता जोड़े गये जबकि सिर्फ 7 महीनों में 4 लाख और। महाराष्ट्र में 5 साल में 44 लाख मतदाता जोड़े गये जबकि सिर्फ 5 महीनों में 40 लाख और अब यही कहानी बंगाल में दोहरायी जा रही है। बिहार और उत्तर प्रदेश के अनिवासियों को बंगाल की मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जिलों में बड़े पैमाने पर फॉर्म 6 के आवेदन जमा किये जा रहे हैं और चुनाव आयोग आंखें मूंदे बैठा है। यह सिर्फ लापरवाही ही नहीं है, बल्कि आयोग इसे सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रहा है। तृणमूल ने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा और चुनाव आयोग की पूरी तरह से मिलीभगत है। दोनों भाई-भाई हैं।