अजीबोगरीब चोरी: पड़ोसी निकला चोर, चुराया हुआ बेड और अलमारी अपने ही घर में सजा लिए !

Bizarre theft: The neighbor turned out to be the thief, and he decorated his own house with the stolen bed and wardrobe.
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

खड़दह : इसे कहते हैं 'सेंध में ही भूत'। खड़दह थाना क्षेत्र की एक आवासीय सोसाइटी में चोरी की एक ऐसी घटना घटी है, जिसने सुरक्षा और आपसी विश्वास पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ किसी मामूली चीज की नहीं, बल्कि भारी-भरकम फर्नीचर जैसे बेड , अलमारी, ड्रेसिंग टेबल, लैपटॉप और यहां तक कि रसोई के किराने के सामान तक की चोरी हो गई। लेकिन सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने चोर को पकड़ा।

कौन है यह 'पढ़े-लिखे' चोर?

चोरी के आरोप में जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, उसका नाम सृजित मुखर्जी है। मूल रूप से आसनसोल के कुल्टी का रहने वाला सृजित एक शिक्षित परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता एक शिक्षक हैं। सृजित खुद साल्टलेक के सेक्टर फाइव में एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में काम करता था और वर्तमान में उसी हाउसिंग सोसाइटी में अकेले रहता था जहां उसने चोरी की।

पड़ोसी की चाबी और 'सजा हुआ' घर

पुलिस जाँच में पता चला कि सृजित के पास पड़ोसी के घर की एक डुप्लिकेट चाबी किसी तरह हाथ लग गई थी। जैसे ही पड़ोसी घर से बाहर गया, सृजित ने इस मौके का फायदा उठाया। उसने घर से भारी अलमारी, बेड और ड्रेसिंग टेबल तक पार कर दिए। अजीब बात यह थी कि उसने ये चीजें कहीं बाहर बेचने के बजाय अपने ही फ्लैट में करीने से सजा लीं।

पुलिस को कैसे हुआ शक?

जब घर के मालिक वापस आया और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई, तो खड़दह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को पहली नजर में ही यह बात खटक गई कि बिना किसी शोर-शराबे के इतनी भारी अलमारी और बेड सोसाइटी से बाहर कैसे ले जाए जा सकते हैं। शक की सुई अंदरूनी व्यक्ति की ओर घूमी। पुलिस ने जब सृजित से पूछताछ शुरू की, तो उसकी बातों में काफी विसंगतियां मिलीं। जब उसके घर की तलाशी ली गई, तो पुलिस की आंखें फटी रह गईं—पड़ोसी का पूरा फर्नीचर सृजित के घर में शान से सजा हुआ था। खड़दह थाना पुलिस ने सृजित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जाँच कर रही है कि क्या उसने यह चोरी केवल लालच में की या इसके पीछे कोई मानसिक स्थिति या अन्य कारण हैं। एक शिक्षित और अच्छी नौकरी करने वाले व्यक्ति द्वारा इस तरह की 'घरेलू' चोरी ने पूरी सोसाइटी के निवासियों को असुरक्षित महसूस करा दिया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in