कांचरापाड़ा के वार्ड नंबर 3 से दो टिफिन बम बरामद, टीएमसी पार्षद ने लगाया साजिश का आरोप

Bijpur: 2 Tiffin Bombs Recovered from Shop in Kanchrapara, TMC Councilor Alleges Conspiracy.
इसी जगह से बरामद किये गये बम
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बीजपुर: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बीजपुर विधानसभा क्षेत्र में बम मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांचरापाड़ा नगरपालिका के 3 नंबर वार्ड इलाके में गुरुवार की देर रात एक परित्यक्त (पुरानी बंद) दुकान से दो शक्तिशाली टिफिन बम बरामद किए गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय निवासियों में भारी दहशत व्याप्त है।

घटना की जानकारी तब मिली जब स्थानीय लोगों ने सुनसान पड़ी दुकान में संदिग्ध वस्तुएं देखीं। सूचना मिलते ही बीजपुर थाने की पुलिस और क्षेत्र में तैनात केंद्रीय बलों की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। सुरक्षा बलों ने सावधानी बरतते हुए दोनों टिफिन बमों को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। पुलिस अब इस बात की गहनता से जाँच कर रही है कि इन बमों को वहाँ किसने रखा था और क्या इनका इस्तेमाल चुनाव के दौरान किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

राजनीतिक बयानबाजी और सुरक्षा पर सवाल

इस घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) पार्षद लवली राय ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके में कुछ संदिग्ध बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी थी, जिसके कारण शांति बनी हुई थी और ऐसी कोई घटना सामने नहीं आ रही थी।

पार्षद का दावा है कि जैसे ही कुछ खास लोगों ने इलाके में दोबारा प्रवेश किया, वैसे ही बम मिलने की घटनाएं शुरू हो गई हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस साजिश के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब किया जाए। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि दोषियों तक पहुँचा जा सके।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in