

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : आसनसोल से तृणमूल सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की एक एक्स पोस्ट को लेकर चर्चा तेज हो गयी। बिहार में एनडीए को मिली प्रचंड जीत पर तृणमूल सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने नीतीश कुमार को बधाई दी। शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर नीतीश कुमार के साथ अपनी कई तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने लिखा कि, बधाई! बिहार की जनता को उनके योग्य सरकार मिलने और वोट देने के लिए और सबसे प्रशंसित, सज्जन राजनेता नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले, भरोसेमंद, परखे हुए और सफल मुख्यमंत्री बनने के लिए बधाई। ऐसा लगता है कि वह लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। उनके आसपास के सभी लोगों/पार्टियों को बधाई। ईश्वर सभी का भला करे और सभी को बधाई। जय बिहार! जय हिंद!
केजरीवाल से लेकर शशि थरूर, कईयों काे टैग किया
उन्होंने उस सोशल मीडिया पोस्ट में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और अन्य राजनेताओं को भी 'टैग' किया। पोस्ट में आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता शशि थरूर को भी 'टैग' किया गया। उन्होंने नीतीश के साथ अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें भी पोस्ट कीं। शत्रुघ्न एक राजनेता के साथ-साथ एक प्रसिद्ध अभिनेता भी हैं। कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार ने शत्रुघ्न को 'बंग विभूषण' से सम्मानित किया। दरअसल, शत्रुघ्न पहले भी कई राजनीतिक पार्टियों से जुड़े रहे हैं। वह पूर्व में भाजपा सांसद थे। वह केंद्रीय मंत्री भी रहे। वर्तमान में तृणमूल सांसद हैं।
‘जनप्रतिनिधी को इसका ख्याल रखना चाहिए’
तृणमूल प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा का पाेस्ट उनका व्यक्तिगत है। इस बारे में वह कुछ नहीं कहेंगे। हालांकि किसी भी जनप्रतिनिधी को यह ख्याल रखना चाहिए कि उनके बयान से पार्टी सहकर्मी या अन्य पदाधिकारी को असहज महसूस ना हो।