

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि बिहार के चुनाव नतीजों का पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। तृणमूल ने कहा कि बंगाल में अलग ही समीकरण काम करता है। मंत्री डॉ. शशि पांजा ने कहा कि बंगाल के लोग तैयार हैं अगले साल चुनाव में भाजपा को जवाब मिलेगा। शशि पांजा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदीजी आप गलतफहमी में मत रहिये। आप कह रहे हैं कि अब बंगाल की बारी है मगर इतना याद रखिये कि आपलोगों ने हमेशा बंगाल का अपमान किया है। बंगाल के लोगों के हक को छीना है। ये ऐसे जमींदार है जो लोगों के हक का पैसा छीन लेते हैं। मां बहनों की दुहाई मत दीजिए। बंगाल जीतने का सपना मत देखिये। 2026 का चुनाव आपलोगों को सही जगह दिखायेगा कि कैसे बंगाल का अपमान करने से बंगाल की जनता जवाब देती है। बंगाल एक मिनी भारतवर्ष है। यहां सभी मिलजुल कर रहते हैं। उन्होंने कहा कि आप बंगाल और बांग्ला भाषा का अपमान करेंगे और सपना देखेंगे कि बंगाल में जीत मिलेगी, तो सपना जरूर देखिये लेकिन वह सपना कभी पूरा नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि बिहार के परिणाम से बंगाल भाजपा उत्साहित है।
‘बंगाल का वोट बिकाऊ नहीं...’
शशि पांजा ने भाजपा नेता पर निशाना साधते हुए कहा सौ दिन रोजगार का पैसा रोककर रखा है। इसका करारा जवाब मिलेगा। बंगाल के लोग तैयार हैं। आप बंगाल और बांग्ला भाषा का अपमान करेंगे और सपना देखेंगे कि बंगाल में जीत मिलेगी, तो सपना जरूर देखिये लेकिन वह सपना कभी पूरा नहीं होगा।
SIR : भाजपा और निर्वाचन आयोग पर लगाया आरोप
तृणमूल नेता कुणाल घोष ने कहा कि यह बिहार का समीकरण है। इसका बंगाल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बंगाल में विकास, एकता, सद्भाव, अधिकार और स्वाभिमान ही कारक हैं। 250 से ज्यादा सीटों के साथ ममता बनर्जी फिर से मुख्यमंत्री बनेंगी। बिहार चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर दिखा दिया है कि भाजपा के खिलाफ कांग्रेस नाकाम रही है। तृणमूल नेता ने यह भी कहा कि इस बात को लेकर उत्सुकता रहेगी कि बिहार में भाजपा-जद (यू) संबंध किस दिशा में जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर और उससे जुड़े मामलों को लेकर साजिशें यहां रची जाएंगी। एजेंसियों और केंद्रीय शक्ति का दुरुपयोग होगा। तृणमूल का आंदोलन जारी रहेगा। तृणमूल भाजपा की सभी साजिशों को नाकाम कर देगी।