कौन हैं नितिन नवीन जिसे बीजेपी ने बनाया अपना राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष?

नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाना बीजेपी की आगामी संगठनात्मक रणनीति का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है।
कौन हैं नितिन नवीन जिसे बीजेपी ने बनाया अपना राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष?
Published on: 

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने इसकी जानकारी दी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा, "भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को तत्काल प्रभाव से भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।" भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नवीन को इस पद के लिए चुना है।

नवीन नड्डा का स्थान लेंगे

कायस्थ समुदाय से संबंध रखने वाले नवीन (45) के मौजूदा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी बनने की संभावना है और पार्टी नेताओं के अनुसार, वह इस पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक हैं। नवीन पांच बार के विधायक हैं। वर्तमान में वह बिहार में पथ निर्माण मंत्री और पटना के बांकीपुर से विधायक हैं। वह पहले भी कई बार मंत्री रहे हैं।

नड्डा को जनवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और वह अपना पूरा कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। नड्डा को 2024 के लोकसभा चुनावों तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कार्यकाल विस्तार दिया गया था। नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाना पार्टी की आगामी संगठनात्मक रणनीति का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है। साथ ही बिहार के लिए इसे बड़ा मौका माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने नवीन को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई दी और कहा कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नितिन नबीन जी ने एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वह एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है तथा बिहार में कई बार विधायक व मंत्री के रूप में उनका प्रभावशाली रिकॉर्ड है।” मोदी ने कहा कि नबीन ने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक प्रयास किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “वह अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूत करेंगे। भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”

बीजेपी से पारिवारिक रिश्ता

नितिन नवीन का भाजपा से एक तरह से पारिवारिक नाता है। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के बड़े नेता थे। उनके निधन के बाद जब उपचुनाव हुआ, तब जनता ने उसी परिवार के बेटे नितिन नवीन पर भरोसा जताया। बांकीपुर सीट से वह लगातार चार बार जीतते रहे। सड़क निर्माण मंत्री के रूप में उनकी पहचान एक युवा, ऊर्जावान और काम करने वाले नेता की बनी।

नितिन नवीन युवा ऊर्जा, आधुनिक सोच और सक्रिय नेतृत्व का उदाहरण हैं। उनको इस बात का श्रेय भी दिया जाता है कि उन्होंने अपने क्षेत्र को शहरी विकास की नई धाराओं से जोड़ने का प्रयास किया है चाहे सड़कें हों, बिजली, जलापूर्ति या ट्रैफिक व्यवस्था, हर मुद्दे पर उन्होंने सतत निगरानी रखी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in