बिहार विधानसभा चुनाव 2025: भाजपा ने जारी की अंतिम 30 उम्मीदवारों की सूची, कुल 17 विधायकों का कटा टिकट

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को अपने शेष 30 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: भाजपा ने जारी की अंतिम 30 उम्मीदवारों की सूची, कुल 17 विधायकों का कटा टिकट
Published on

कोलकाता : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को अपने शेष 30 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस घोषणा के साथ ही एनडीए गठबंधन के तहत भाजपा को मिली कुल 101 सीटों की पूरी सूची अब पूरी हो गई है। इस चरण में भाजपा ने सात और मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं, जिससे अब तक कुल 17 विधायकों को टिकट से वंचित किया गया है।

इस नई सूची में कई नए और चर्चित चेहरों को मौका दिया गया है। अलीनगर सीट से हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं लोकप्रिय मैथिली गायिका मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बनाया गया है। वह इस्तीफा देने वाले विधायक मिश्री लाल यादव की जगह मैदान में होंगी। वहीं, राघोपुर सीट से भाजपा ने सतीश कुमार यादव को तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनावी मुकाबले में उतारा है, जो एक बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा है।

मोहनिया (सुरक्षित) सीट से संगीता कुमारी, जबकि नरकटियागंज से संजय पांडे चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने इस सूची में कई ऐसे नाम शामिल किए हैं जो हाल ही में पार्टी में आए हैं। तीन बार के राजद विधायक केदार नाथ सिंह, जो हाल में भाजपा में शामिल हुए, उन्हें बनियापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को बक्सर से टिकट दिया गया है।

वहीं, पार्टी ने इस बार कई पुराने चेहरों को बदलने का भी फैसला किया है। चार बार के बाढ़ विधायक ज्ञानेंद्र कुमार ज्ञानू की जगह सियाराम सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। छपरा सीट पर दो बार के विधायक सी एन गुप्ता की जगह छोटी कुमारी को मौका मिला है। वहीं गोपालगंज की विधायक कुसुम देवी की जगह सुभाष सिंह को टिकट दिया गया है।

भाजपा का यह कदम संगठन में नई ऊर्जा और सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। नई सूची जारी होने के बाद भाजपा ने साफ संकेत दे दिया है कि वह इस बार युवाओं, महिलाओं और नए चेहरों पर भरोसा जताते हुए बिहार की सियासत में नया संतुलन बनाने की कोशिश में है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in