

मुंबई - बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर लंबे समय से एक बड़ी हिट फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। पिछले साल रिलीज हुई 'सिंघम अगेन' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन यह एक मल्टीस्टारर फिल्म थी, जिसमें अजय देवगन मुख्य भूमिका में थे। हालांकि, फिल्म में अर्जुन कपूर के नेगेटिव किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। उनके 'डेंजर लंका' के रोल को मिले प्यार से ऐसा लगा कि उनका करियर एक बार फिर से रफ्तार पकड़ सकता है।
करीना कपूर के साथ नजर आ सकते है अर्जुन कपूर
2025 में अर्जुन कपूर रकुल प्रीत सिंह और भूमि पेडनेकर के साथ फिल्म 'मेरे हसबैंड की बीवी' में नजर आए। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना बजट तक नहीं निकाल पाई और बड़ी फ्लॉप साबित हुई। लेकिन अब अर्जुन के करियर में फिर से नई उम्मीद जगी है, क्योंकि वे जल्द ही करीना कपूर खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आ सकते हैं। इसको लेकर खुद अर्जुन कपूर ने एक संकेत दिया है।
2016 में 'की एंड का' में दोनों साथ आए थे नजर
करीना कपूर खान और अर्जुन कपूर की जोड़ी साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म 'की एंड का' में नजर आई थी। फिल्म में बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था। आर बाल्की के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी लोगों को बेहद पसंद आई थी, जिसमें लड़की और लड़के की इक्वालिटी को दिखाया गया है। मूवी में दर्शाया गया था कि कैसे एक मर्द घर चला सकता है और औरत ऑफिस संभाल सकती है।
की एंड का - 2 ?
अभिनेता अर्जुन कपूर ने फिल्म ‘की एंड का’ के नौ साल पूरे होने पर इंस्टाग्राम पर करीना कपूर के साथ वाट्सएप चैट का एक वीडिया साझा किया है। इसमें की यानी करीना ने लिखा, ‘नौ साल हो गए। याद है लोग अचंभित हो गए थे, जब मैं ऑफिस जाती थी और तुम घर संभालते थे।’ इस पर का यानी अर्जुन लिखते हैं, ‘हां, हम ट्रेंड से आगे चल रहे थे, जहां पति खाना बनाता था और पत्नी स्टॉक में निवेश करती थी।’ इस पर की पूछती है, ‘क्या का साल 2025 में भी घर ऐसे ही संभाल पाएगा?’ इस पर का लिखता है, ‘हां अब मेरे पास सीक्रेट हथियार है। चैट जीपीटी से रेसिपी मिल जाती है, स्मार्ट कूकर खाना बना देता है।’ इस वीडियो के साथ ही अर्जुन ने लिखा की एंड का 2 के बारे में क्या ख्याल है।
इस वीडियो के देखने के बाद फैंस मानों सातवे आसमान पर पहुंच गए हैं । कई फैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया भी साझा की। ज्यादातर लोगों का ऐसा कहना है कि 'की एंड का 2' को देखने के लिए वह बेताब हैं।