भवानीपुर : अगले सप्ताह नामांकन दाखिल कर सकती हैं ममता बनर्जी

भवानीपुर : अगले सप्ताह नामांकन दाखिल कर सकती हैं ममता बनर्जी
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भवानीपुर विधानसभा सीट बेहद ही चर्चित सीट है। यहां से तृणमूल कांग्रेस अपने गढ़ को बरकरार रखने के लिए पूरी तरह से आश्वस्त है। वहीं भाजपा ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। यहां 29 अप्रैल को चुनाव है। ऐसे में यह संभावना है कि अगले सप्ताह ही मुख्यमंत्री तथा भवानीपुर से तृणमूल उम्मीदवार ममता बनर्जी अपना नामांकन दाखिल कर सकती हैं। बहुत हद तक संभावना है कि 8 अप्रैल को ही नामांकन दाखिल किया जा सकता है। इससे पहले एक रैली निकाली जायेगी। ममता बनर्जी अपना नामांकन दाखिल करने के लिए कालीघाट स्थित अपने आवास से जुलूस के रूप में गोपालनगर सर्वे बिल्डिंग तक जा सकती हैं। इस रैली में पार्टी के सांसद, मंत्री तथा स्थानीय नेता शामिल होंगे। उसके बाद ही ममता बनर्जी अपना नामांकन दाखिल करेंगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी, कोलकाता के मेयर और शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम, दक्षिण कोलकाता जिला अध्यक्ष देबाशीष कुमार और भवानीपुर और आसपास के वार्डों के लगभग सभी पार्टी पार्षद शामिल हो सकते हैं। राजनीतिक आकलन के अनुसार, भवानीपुर की मतदाता सूची से लगभग 47,000 नाम हटा दिए गए हैं, जबकि अन्य 14,000 नामों की जांच अभी बाकी है। यह आंकड़ा महत्वपूर्ण है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in