

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: सरकारी स्कूलों में अक्सर बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों की कमी को लेकर सवाल उठते रहते हैं, लेकिन हावड़ा के कदमतला स्थित 130 साल पुराने ऐतिहासिक बेंटरा मधुसूदन पाल चौधरी उच्च विद्यालय ने एक प्रेरणादायक मिसाल कायम की है। सामूहिक सहयोग और संकल्प के बल पर स्कूल का मिड-डे मील डाइनिंग हॉल अब पूरी तरह से नए और आकर्षक रूप में नजर आ रहा है। हॉल का इंटीरियर और साज-सज्जा इतनी भव्य है कि पहली नजर में कोई भी इसे किसी नामी रेस्टोरेंट का डाइनिंग एरिया समझ बैठेगा।
पूर्व छात्रों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग से बदली सूरत
इस डाइनिंग हॉल में चमचमाते फर्श, पत्थरों की मजबूत स्लैब वाले डाइनिंग टेबल और बेहद स्वच्छ बर्तनों में भोजन परोसने की आधुनिक व्यवस्था की गई है। इस पूरे जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसके लिए सरकारी बजट का इंतजार करने के बजाय स्कूल के पूर्व छात्रों, अभिभावकों और वर्तमान विद्यार्थियों ने मिलकर धनराशि जुटाई। सभी के साझी कोशिशों के कारण अब बच्चों को स्वच्छ, अनुशासित और गरिमापूर्ण वातावरण में मिड-डे मील मिल रहा है। नए और जगमगाते हॉल में बैठकर दोपहर का भोजन करने को लेकर छात्र-छात्राओं में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। ब्रिटिश काल से जुड़ा है गौरवशाली इतिहास, कलकत्ता गजट में भी दर्ज है नाम