

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तकनीकी क्षेत्र के भविष्य को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने आशावादी संदेश दिया है। पुरुलिया रामकृष्ण मिशन के पूर्व छात्र और 1991 की माध्यमिक परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले इंद्रनील बनर्जी से एम्स्टर्डम में उनकी मुलाकात हुई। इंद्रनील बनर्जी वर्तमान में नीदरलैंड्स में एक सफल AI विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं। शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि विदेश में अपने करियर में सफलता हासिल करने के बावजूद इंद्रनील का बंगाल के प्रति लगाव आज भी कायम है। उन्होंने पश्चिम बंगाल लौटकर AI और तकनीक के क्षेत्र में काम करने की इच्छा भी व्यक्त की है। शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल की मेधा और प्रतिभा का उपयोग बंगाल की धरती पर ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ नवाचार और तकनीक आधारित नई संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इंद्रनील बनर्जी जैसे प्रतिभाशाली और सफल बंगाली यदि पश्चिम बंगाल लौटकर अपने अनुभव और विशेषज्ञता का इस्तेमाल राज्य के विकास में करते हैं, तो इससे बंगाल का भविष्य और मजबूत होगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, विदेशों में अपनी पहचान बनाने वाले बंगाली प्रतिभाओं की विशेषज्ञता को राज्य में लाना AI, तकनीक, रोजगार और नवाचार के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।